मानसून की मनमानी…सब्जी मंडी डूबी

By: Jul 7th, 2026 12:03 am

मूसलाधार बारिश से दुकानों में घुसा पानी; आढ़तियों की बढ़ी मुश्किलें, सुविधाओं के अभाव में झेल रहे नुकसान

जिला संवाददाता- कांगड़ा
कांगड़ा में सोमवार को पहले मूसलाधार बारिश ने लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी। सब्जी मंडी कांगड़ा में बारिश का पानी दुकानों में घुस गया, इस वजह से आढ़तियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। उनका कहना था कि कोई भी रिपेयर वर्क न होने की वजह से बारिश का पानी छतों से टपकता है और दुकानों के भीतर इक_ा हो जाता है, जिससे उनका वहां बैठना मुश्किल हो जाता है। साथ ही माल का नुकसान भी होता है, लेकिन कृषि उपज मंडी समिति इस मामले में सुस्त है। दुकानों में पानी घुस जाने की वजह से आढ़तियों किसानों व्यापारियों को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ा। लोगों ने बताया ऐसा पहली मर्तबा नहीं है, हमेशा बारिश होने पर पानी दुकानों में घुस जाता है और छतों से पानी का रिसाव होने की वजह से भारी मुश्किल खड़ी हो जाती है। ऐसे हालात में संपत्ति के ध्वस्त होने का खतरा भी मंडरा रहा है।

साथ ही बिजली का करंट भी लग सकता है। लोगों का कहना है कि इसको दुरुस्त किया जाए। उनका कहना है कि कई मर्तबा इसे दुरुस्त करने की गुहार मंडी समिति से लगाई गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला । उन्होंने बताया कि मंडी समिति मोटे किराए तो वसूल रही है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। बरसात होने पर मंडी कीचड़ से लबालब हो जाती है और लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो जाता है। इस मसले पर जब सचिव कृषि उपज मंडी समिति जिला कांगड़ा से बात करनी चाही तो उन्होंने प्रतिक्रिया देने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App