पहली बारिश में ही खुली कैंट रोड की पोल, जगह-जगह भरा पानी
निकासी न होने से मकलोडगंज की सडक़ डूबी, पानी से भरे गड्डे बने मुसीबत
स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
पर्यटक नगरी धर्मशाला-मकलोडगंज कैंट रोड पर हुई बरसात की शुरुआती बारिश ने सडक़ों की बदहाल स्थिति की पोल खोलकर रख दी। पहली ही तेज बारिश के बाद सडक़ पर कई स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और फिसलन के कारण कुछ वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो गए। सडक़ पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पा रहा है, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। बारिश के चलते सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों और मैक्लोडगंज आने वाले पर्यटकों को झेलनी पड़ी। स्कूल जाने वाले बच्चों को जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ा, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पर्यटकों ने भी सडक़ की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल की मुख्य सडक़ की यह हालत क्षेत्र की छवि को प्रभावित कर रही है। ऐसे में नेशनल हाईवे व कांगड़ा के स्थानीय प्रशासन की लापरवाही पर बड़े सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछली बरसात में भी इस सडक़ को भारी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद संबंधित विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू तो किया, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद कार्य पूरी तरह पूरा नहीं हो सका। अधूरे निर्माण कार्य और खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण अब यह मार्ग लोगों के लिए आफत बन गया है। कैंट रोड मकलोडगंज और धर्मशाला को जोडऩे वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन स्थानीय वाहनों के अलावा बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन भी गुजरते हैं। बरसात के मौसम में सडक़ की जर्जर स्थिति से दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन तथा संबंधित विभाग से मांग की है कि अधूरे पड़े मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कर सडक़ पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत की जाए, ताकि बरसात के दौरान आम लोगों और पर्यटकों को राहत मिल सके।
सडक़ की दयनीय हालत पर सभी खामोश
मकलोडग़ंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पठानिया व फरसेटगंज बरनेट के समाजसेवी एवं कारोबारी बिट्टू पठानिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल होने के बावजूद सरकार, प्रशासन, विभाग, एनएचएआई व नगर निगम पूरी तरह से सडक़ की दयनीय हालत को लेकर खामोश बनी हुई है। लगातार मकलोडग़ंज में सडक़ हादसे सामने आ रहे हैं, पर्यटकों को घंटों ट्रैफिक जाम में परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने धर्मशाला मकलोडग़ंज मुख्य सडक़ मार्ग एनएच, खड़ा डंडा मार्ग सहित अन्य सभी लिंक मार्गों को भी दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

