किन्नौर महिला महोत्सव…22 महिला मंडलों ने दिखाई प्रतिभा

By: Jul 7th, 2026 12:02 am

खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पेंटिंग, भाषण, एकल गीत, लोकनृत्य व रस्साकशी में दिखाया दम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
भाबा नगर स्थित उड़ान समाज सेवा द्वारा आयोजित किन्नौर महिला महोत्सव का समापन समारोह संपन्न हुआ। समारोह में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी मुख्यातिथि रहे। महोत्सव में क्षेत्र के 22 महिला मंडलों ने भाग लेकर खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पेंटिंग, भाषण, एकल गीत, लोकनृत्य, रस्साकशी और कबड्डी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि सुनील नेगी ने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति और संस्कृति की संवाहक हैं। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ सामाजिक एकता और जागरूकता को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने उड़ान समाज सेवा के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन समिति को बधाई दी। पेंटिंग प्रतियोगिता में मोनिका (जानी) प्रथम, शिल्पा नेगी (देवध/सुंगरा) द्वितीय और भावना (एसएचजी पोरखांग) तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में आशा कुमारी (कचे) प्रथम, भावना नेगी (देवखमंग) द्वितीय तथा देवसरनी (रारंग) तृतीय स्थान पर रहीं। एकल गीत में सुनीता हिमयान (भाबा नगर) प्रथम, बबली नेगी (रामनी) द्वितीय और कल्पना देवी तृतीय रहीं। लोकनृत्य में विष्णु महिला मंडल पनवी विजेता और महिला मंडल चांगे उपविजेता रहा। रस्साकशी में एसएचजी पनवी विजेता तथा एसएचजी कचरंग उपविजेता बना। कबड्डी में दिव्या (पनवी) बेस्ट रेडर और कमलेश (युला) बेस्ट डिफेंडर चुनी गईं। महिला मंडल युला प्रथम तथा एसएचजी पनवी द्वितीय स्थान पर रहा। समापन पर सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया और आयोजन समिति ने अतिथियों, महिला मंडलों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App