हल्की बारिश में डूबा झाड़माजरी बाजार, आधा दर्जन दुकानों में घुसा पानी
सडक़ ऊंची होने से बढ़ी मुश्किलें, दुकानदार बोले-वल्र्ड बैंक की परियोजना ने हमारी परेशानी और बढ़ा दी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बरोटीवाला
झाड़माजरी बस स्टैंड बाजार में सोमवार दोपहर हुई हल्की बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश का पानी आधा दर्जन से अधिक दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। दुकानदारों को सामान बचाने के साथ-साथ दुकानों से पानी निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। व्यापारियों का कहना है कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन इस वर्ष वर्ल्ड बैंक परियोजना के तहत सडक़ ऊंची बनने के बाद हालात और अधिक बिगड़ गए हैं। सोमवार को ढाबा, क्लीनिक, सुनार और हेयर ड्रेसर सहित कई दुकानों में पानी घुसने से कारोबार प्रभावित हुआ। दुकानदारों के अनुसार सडक़ का स्तर बढ़ा दिया गया, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। नालियां गाद और कचरे से भरी होने के कारण बरसात का पानी सीधे दुकानों की ओर बह रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि पहले लोक निर्माण विभाग नियमित रूप से नालियों की सफाई कराता था, लेकिन अब उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान कर जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है। मार्केट प्रधान राजेश कुमार ने बताया कि कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष समस्या उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उनके साथ सुनील कुमार, विपिन निरंकारी, पाली वर्मा, करतार सिंह, नरेंद्र, डा. बलदेव, अश्वनी, विजय कुमार, डा. अनवर, सुरिंदर सैनी, तरसेम शर्मा, कुलदीप राजपूत, चंदन पूर्वे, सुरेश चोपड़ा, संजू, नितिन चोपड़ा, राजू, रानू, दर्शन, बाल्मीकी, राजेश चाणक्य और अमित गुप्ता सहित अन्य दुकानदारों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
उपायुक्त से लगाई स्थायी समाधान की गुहार
दुकानदारों ने उपायुक्त सोलन से मांग की है कि झाड़माजरी बस स्टैंड में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, नालियों की नियमित सफाई की जाए, सडक़ निर्माण के कारण उत्पन्न तकनीकी खामियों को दूर किया जाए, ताकि बारिश के साथ व्यापारियों को नुकसान न झेलना पड़े।
सडक़ बनी, लेकिन दुकानों तक पहुंच गई बारिश
झाड़माजरी के दुकानदार कहते हैं कि विकास कार्यों का उद्देश्य लोगों को राहत देना होता है, लेकिन यहां सडक़ तो बन गई, राहत नहीं मिली। सडक़ का स्तर बढऩे से बारिश का पानी सीधे दुकानों में घुस रहा है। हालात ऐसे हैं कि अब बादल छाने भर से दुकानदार सामान समेटने और पानी रोकने की तैयारी में लग जाते हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो हर मानसून उनके कारोबार पर भारी पड़ेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

