पासू सब्जी मंडी के पास एक्सीडेंट, युवक की मौत, एक घायल

By: Jul 7th, 2026 12:12 pm

धर्मशाला। धर्मशाला के साथ लगते पासू स्थित सब्जी मंडी के समीप सोमवार रात हुए सडक़ हादसे में स्कूटी पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात रामवीर (23) और निलेश कुमार (23) स्कूटी पर शिल्ला की ओर से ढगवार की तरफ जा रहे थे।

दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिला के निवासी हैं और वर्तमान में ढगवार स्थित मिल्क प्लांट के समीप किराये के मकान में रह रहे थे। जब वे पास्सू सब्जी मंडी के पास मोड़ पर पहुंचे तो स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ से बाहर जा गिरी। हादसे में स्कूटी के पीछे बैठे रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक निलेश कुमार को भी काफी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने रामवीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि निलेश कुमार का उपचार जारी है। पुलिस एएसपी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App