धर्मशाला में 70 लाख की चोरी का पर्दाफाश

By: Jul 9th, 2026 12:02 am

कबाड़ बीनने के बहाने रेकी, सूने मकान से उड़ाया था खजाना, वारदात को अंजाम देने वाले शातिर अरेस्ट

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
कांगड़ा पुलिस ने धर्मशाला में हुई एक हाई-प्रोफाइल चोरी की गुत्थी को महज कुछ ही दिनों में सुलझाते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कबाड़ बीनने की आड़ में रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर लगभग 70 लाख रुपये कीमत का 50 तोला सोना और करीब 3 लाख रुपये कीमत की 1.2 किलोग्राम चांदी बरामद की गई है। यह सनसनीखेज चोरी 29 जून को टांडा मेडिकल कॉलेज की चिकित्सक डा. अंजलि चौहान के घर पर तब हुई थी, जब उनका परिवार एक शादी समारोह में गया हुआ था।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 29 जून 2026 की रात थाना धर्मशाला क्षेत्र में डा. अंजलि के सूने घर को निशाना बनाया गया था। चोर घर से पुश्तैनी सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र, बालियां, नकदी और साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़ ले गए थे। एसएचओ धर्मशाला नायायण सिंह के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेंद्र सिंह की निगरानी में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर गगल की बंगाली कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय अंजू और 27 वर्षीय चंदन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए शातिरों ने सीसीटीवी का डीवीआर फतेहपुर क्षेत्र के पास एक खड्ड में झाडिय़ों के बीच फेंक दिया था। पुलिस की गहन पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर तीन अलग-अलग चरणों में रिकवरी की गई। आरोपी चंदन की निशानदेही पर जंगल से सीसीटीवी डीवीआर के टुकड़े, वाई-फाई राउटर और पावर प्लग बरामद किए गए, जिन्हें एफएसएल भेजा जा रहा है। चंदन की ही निशानदेही पर हमीरपुर के एक आभूषण व्यापारी विवेक कुमार के पास से 15 तोला सोना (पिघला हुआ) और 1 किलोग्राम चांदी बरामद की गई। व्यापारी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है। महिला आरोपी अंजू की निशानदेही पर गगल पुल के पास खड्ड किनारे झाडिय़ों में छिपाकर रखा गया लगभग 35 तोला सोना और 200 ग्राम चांदी बरामद की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App