भदरोया में खैर की लकड़ी से भरी पकड़ी गाड़ी

By: Jul 9th, 2026 12:02 am

नूरपुर वन मंडल में खैर तस्करी पर शिकंजा, तीसरी बार बरामद हुआ अवैध लकड़ी से भरा वाहन

निजी संवाददाता- इंदौरा
नूरपुर वन मंडल की भदरोया वन रेंज के अंतर्गत टूटा तालाब क्षेत्र में स्थानीय लोगों की सतर्कता से खैर की लकड़ी से भरा एक बिना नंबर वाहन पकड़ा गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग और मीडिया को दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में लकड़ी के स्रोत, वाहन की पहचान और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। वन विभाग के अनुसार भदरोया वन रेंज में अवैध खैर कटान से जुड़ी यह लगातार तीसरी बरामदगी है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार खैर की लकड़ी से भरे वाहन मिलने से क्षेत्र में अवैध कटान को लेकर चिंता बढ़ रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर लकड़ी कटान में शामिल लोगों तक पहुंचने की मांग की है।

लोगों का आरोप है कि कई मामलों में वाहन मौके पर छोडक़र कथित तस्कर फरार हो जाते हैं और जांच केवल वाहन बरामदगी तक सीमित रह जाती है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब एक वर्ष से क्षेत्र में ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले सूरजपुर वन बीट में भी खैर की लकड़ी से भरा बिना नंबर वाहन पकड़ा गया था। लगातार हो रही बरामदगियों ने वन संपदा की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि केवल वाहन जब्त करने के बजाय लकड़ी कटान के स्रोत और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जाए। इस मामले में वन मंडल अधिकारी नूरपुर संदीप कोहली ने बताया कि रेंज अधिकारी भदरोया को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App