हमीरपुर डिवीजन को मिली 115 इलेक्ट्रिक बसें

By: Jul 9th, 2026 12:02 am

पीडीआई के बाद लोकल रूट्स पर जल्द चलेंगी नई गाडिय़ां

कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के सफल ट्रायल के बाद इलेक्ट्रिक बसों की खेप निगम के डिवीजनों में पहुंचना शुरू हो गई है। एचआरटीसी हमीरपुर डिवीजन को 115 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली है। डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के पहुंचने का दौर लगातार जारी है। इलेक्ट्रिक बसों की जल्द ही पीडीआई करवाई जाएगी, उसके बाद इन्हें लोकल रूटों पर उतारा जाएगा। हालांकि निगम में इलेक्ट्रिक बसें पहुंचने के बाद चार्जिंग प्वाइंट लगाने का काम युद्धस्तर पर जारी है, ताकि बसों को चार्जिंग करने में किसी तरह की दिक्कत न आए। बता दें कि एचआरटीसी हमीरपुर डिवीजन में निगम प्रबंधन द्वारा हमीरपुर और ऊना डिपो को 35-35 इलेक्ट्रिक बसें मुहैया करवाई है। इसी तरह बिलासपुर डिपो को 20 बसें, नालागढ़ डिपो को 15 बसें और देहरा डिपो को 10 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात प्रदेश सरकार द्वारा दी गई है। डिपो में इलेक्ट्रिक बसों के पहुंचने का दौर लगातार जारी है। इलेक्ट्रिक बसों की जल्द ही कंपनी और निगम अधिकारियों द्वारा फिजिकल वैरिफिकेशन की जाएगी।

उसके बाद ही इलेक्ट्रिक बसों को लोकल रूटों पर उतारा जाएगा। यही नहीं इलेक्ट्रिक बसें आने के बाद निगम प्रबंधन ने चार्जिंग प्वाइंट लगाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है, ताकि बसों को चार्जिंग करने में किसी तरह की कोई दिक्कत न आए। ऐसे में निगम के डिपुओं में चार्जिंग प्वाइंट लगाने का काम लगातार जारी है। हमीरपुर डिवीजन के अधीन आने वाले हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, नालागढ़, देहरा और संसारपुरा टैरिस में इलेक्ट्रिक बसों के लिए करीब 35 चार्जिंग प्वाइंट लगाए जाएंगें। इनमें से 12 चार्जिंग प्वाइंट लगाए जा चुके हैं। एक-एक चार्जिंग प्वाइंट पर दो-दो बसें चार्ज हो सकेंगीं। जबकि 23 चार्जिंग प्वाइंट लगाने के लिए बिजली बोर्ड के खाते में पैसे जमा करवा दिए गए हैं।

हमीरपुर डिवीजन को 115 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली है। इलेक्ट्रिक बसे डिपुओं में पहुंच रही है। इन बसों की जल्द ही कंपनी और निगम के आलाधिकारियों द्वारा पीडीआई करवाई जाएगी। उसके बाद ही इन्हें लोकल रूटों पर उतारा जाएगा। निगम के डिपुओं में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट लगाने का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है
राजकुमार पाठक, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर

हमीरपुर बस स्टैंड से बिजली बोर्ड का ट्रांसफार्मर किया जाएगा नए बस स्टैंड में शिफ्ट

हमीरपुर बस स्टैंड मेंं चार्जिंग प्वाइंट के लिए लगाया गया ट्रांसफार्मर नए बस स्टैंड में शिफ्ट किया जाएगा, ताकि इलेक्ट्रिक बसें नए बस स्टैंड में भी चार्ज हो सकें। ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App