गगरेट भाजपा में भितरघात पर फूटा गुस्सा
बहुमत के बावजूद नगर पंचायत अध्यक्ष पद गंवाने पर नारेबाजी
निजी संवाददाता — मुबारिकपुर
नगर पंचायत गगरेट में बहुमत होने के बावजूद भाजपा समर्थित उम्मीदवार के अध्यक्ष पद का चुनाव हारने के बाद पार्टी के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनाव परिणाम के बाद आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में कथित भीतरघात को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग उठाई। बैठक में पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजयुमो उपाध्यक्ष चैतन्य शर्मा भी मौजूद रहे।
चैतन्य शर्मा ने कहा कि नगर पंचायत में भाजपा के छह पार्षद होने के बावजूद अध्यक्ष पद कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के खाते में जाना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ और व्यक्तिगत संबंधों को संगठन से ऊपर रखा, जिसके कारण भाजपा को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर नहीं है जब कथित भीतरघात के कारण पार्टी को हार का सामना करना पड़ा हो। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 के विधानसभा उपचुनाव के दौरान भी संबंधित नेता ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में काम किया था। उन्होंने दावा किया कि उसी नेता का एक करीबी सहयोगी नगर पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में सक्रिय रहा तथा कथित क्रॉस वोटिंग में भूमिका निभाई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

