शब्दों की जंग में चमके नन्हे प्रतिभागी, अंग्रेजी प्रश्नोत्तरी में दिखा दम
शिव शक्ति कॉन्वेंट स्कूल में क्विज, हिमालय और नीलगिरी सदन का रहा दबदबा
स्टाफ रिपोर्टर – घुमारवीं
शिव शक्ति कॉन्वेंट स्कूल कसारू में विद्यार्थियों के भाषा ज्ञान, सामान्य ज्ञान और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंग्रेजी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हिमालय, धौलाधार, नीलगिरी और शिवालिक सदन के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अंग्रेजी भाषा, शब्दावली और सामान्य ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों से अंग्रेजी व्याकरण, शब्दावली, साहित्य, सामान्य ज्ञान तथा समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ जवाब देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में नीलगिरी सदन ने पहला तथा धौलाधार सदन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग में हिमालय सदन विजेता और शिवालिक सदन उपविजेता रहा। विद्यालय के प्रबंध निदेशक डा. श्रवण कुमार और प्रधानाचार्या निर्मला देवी ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, भाषा दक्षता और त्वरित निर्णय क्षमता को विकसित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पुरस्कार पाकर खिले छात्रों के चेहरे
उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़.चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

