46 हजार नशीले कैप्सूल संग एक गिरफ्तार, दुकान और घर में मिला नशा, मुख्य आरोपी रिमांड पर

By: Jul 9th, 2026 12:06 am

पंजाब पुलिस को नशा विरोधी मुहिम के तहत मिली बड़ी सफलता; दुकान और घर में मिला नशा, मुख्य आरोपी रिमांड पर

निजी संवाददाता — जीरकपुर

पंजाब सरकार की तरफ से शुरू की गई ड्रग्स के खिलाफ जंग मुहिम के तहत पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक इंटर स्टेट ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल जब्त किए हैं। ज़ीरकपुर पुलिस स्टेशन चीफ सतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शताबगढ़ रोड के पास बनाए गए एक स्पेशल चेक पोस्ट के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान संजय पुत्र किशोरी लाल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से 2400 प्रॉक्सीवॉन नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तुरंत केस दर्ज करके उससे सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि संजय से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज की जांच की, जिसमें एक और बड़े सप्लायर का नाम सामने आया। उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीम ने नोएडा में रवि कुशवाहा के ठिकानों पर छापा मारा तो पता चला कि वह वहां एक केमिस्ट की दुकान पर काम करता था।

पुलिस ने पहले उसकी केमिस्ट की दुकान और फिर उसके घर पर छापा मारा। पुलिस को दोनों जगहों से करीब 46000 और नशीले कैप्सूल बरामद हुए। इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में पता चला है कि ये नशीले कैप्सूल नोएडा से लाए गए थे। आरोपी मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के गांवों के रहने वाले हैं, इसलिए वे इन कैप्सूल को हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करते थे। उन्होंने बताया कि हमने नोएडा से गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी रवि कुशवाहा को आज कोर्ट में पेश किया है और पुलिस ने उसका चार दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पता लगाया जाएगा कि वह ये कैप्सूल कहां से लाता था और यह धंधा कितने समय से चल रहा था। आरोपी का पिछला क्रिमिनल रिकॉर्ड भी चेक किया जा रहा है। उनका कहना है कि पूछताछ के दौरान कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद है और इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App