विरोध-नारेबाजी में 14 तहबाजारियों का सामान जब्त
नगर निगम शिमला ने तीसरे दिन भी की सख्त कार्रवाई; लोअर बाजार, लक्कड़ बाजार और आईजीएमसी में चलाया अभियान, रोजगार छीनने का आरोप
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
नगर निगम शिमला ने शहर के नॉन वेंडिंग जोन खाली कराने के अभियान के तहत बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी सख्त कार्रवाई जारी रखी। निगम की टीम ने लोअर बाजार, लक्कड़ बाजार और आईजीएमसी क्षेत्र में अभियान चलाकर 14 तहबाजारियों का सामान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों द्वारा सडक़ों और निकास नालियों पर रखा सामान भी जब्त किया गया।
अभियान के दौरान नगर निगम टीम और तहबाजारियों के बीच तीखी बहस और नारेबाजी हुई। तहबाजारियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि निगम उनका रोजगार छीन रहा है। उनका कहना था कि लोअर बाजार में वर्षों से तहबाजारी होती रही है और बिना उनकी सहमति के क्षेत्र को नॉन वेंडिंग जोन घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मामला अभी न्यायालय में लंबित है और वे भी उसमें पक्षकार हैं। साथ ही आरोप लगाया कि नगर निगम आयुक्त उनकी बात तक नहीं सुन रहे। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी प्रभावित लोगों को पहले ही सूचित किया जा चुका था। नॉन वेंडिंग जोन को खाली कराने की कार्रवाई न्यायालय के आदेशों के तहत की जा रही है। निगम का कहना है कि क्षेत्र को नॉन वेंडिंग जोन घोषित किए जाने के समय किसी ने आपत्ति दर्ज नहीं कराई थी।
हम लगातार नॉन वेंडिंग जोन खाली करवा रहे हैं। सभी को पहले ही सूचित किया जा चुका है। यदि अब भी कार्रवाई में बाधा डाली गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -डाक्टर भुवन शर्मा, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम शिमला
अधिकारी बोले, खाली करवाए जा रहे शहर के नॉन वेंडिंग जोन
नगर निगम शिमला के संयुक्त आयुक्त डाक्टर भुवन शर्मा ने कहा कि पूरे शहर के नॉन वेंडिंग जोन पुलिस की सहायता से खाली कराए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के अनुसार कई दुकानदार निकास नालियों और सडक़ों पर सामान सजाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। बार-बार नोटिस देने के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया। इसी कारण अभियान के दौरान कई दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

