बीटेक की पहली मेरिट लिस्ट जारी, एचपीयू ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया चयन

By: Jul 13th, 2026 12:08 am

एचपीयू ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया चयन, दस्तावेज सत्यापन के बाद मिलेगा प्रवेश

स्टाफ रिपोर्टर— शिमला

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (यूआईटी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जारी कर दी है। यह सूची संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीईटी-2026) में प्राप्त अंकों तथा ऑनलाइन काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों द्वारा दिए गए विकल्पों के आधार पर तैयार की गई है। चयनित विद्यार्थियों को 14 जुलाई तक प्रवेश शुल्क जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद ही वे प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण के लिए पात्र होंगे। यूआईटी प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सभी प्रवेश प्रोविजनल (अस्थायी) होंगे और मूल दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन के बाद ही अंतिम रूप से स्वीकृत किए जाएंगे।

यदि सत्यापन के दौरान किसी विद्यार्थी द्वारा दी गई जानकारी गलत पाई जाती है, तो विश्वविद्यालय उसका प्रवेश निरस्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी कर सकता है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि उच्च वरीयता वाले पाठ्यक्रमों में री-शफलिंग केवल उन्हीं विद्यार्थियों की जाएगी, जिन्होंने निर्धारित समय के भीतर प्रवेश शुल्क जमा कर दिया होगा। जो विद्यार्थी समय सीमा तक फीस जमा नहीं करेंगे, उनकी आवंटित सीट स्वत: निरस्त मान ली जाएगी और वे री-शफलिंग के पात्र भी नहीं होंगे। विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी सभी नवीनतम सूचनाओं के लिए नियमित रूप से यूआईटी की वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है।

ऑनलाइन जमा होगी फीस

विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को यूपीआई, एनईएफटी, आरटीजीएस, गूगल पे, नेट बैंकिंग, आईएमपीएस तथा एसबीआई ई-पे के माध्यम से ऑनलाइन फीस जमा करने की सुविधा उपलब्ध करवाई है। निर्धारित तिथि 14 जुलाई के बाद किसी भी विद्यार्थी की फीस स्वीकार नहीं की जाएगी। यूआईटी प्रशासन ने यह भी बताया कि संशोधित मेरिट सूची 18 जुलाई को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

90,939 रुपए भरने होंगे

यूआईटी द्वारा जारी शुल्क संरचना के अनुसार सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों को 90,939 रुपए जमा करने होंगे। इसमें प्रथम सेमेस्टर शुल्क, वार्षिक शुल्क तथा 15 हजार रुपए की रिफंडेबल सिक्योरिटी शामिल है, जो पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद वापस की जाएगी। ट्यूशन फीस वेवर (एलआई एवं एमजी) श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए कुल शुल्क 35,939 रुपए, जबकि एचपीयू कर्मचारियों के आश्रितों (हाफ फीस वेवर) के लिए 63,439 रुपए निर्धारित किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App