स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में बैजनाथ के तेजस-अरीना को गोल्ड मेडल

By: Jul 14th, 2026 8:59 pm

कार्यालय संवाददाता— बैजनाथ

पपरोला के युवा निशानेबाजों तेजस नंदा और अरीवा सोनी ने 31वीं स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। तेजस ने 25 मीटर स्पोट्र्स पिस्टल स्पर्धा में 287/300 अंक और अरीवा ने 25 मीटर स्पोट्र्स पिस्टल जूनियर महिला वर्ग में 300/269 अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक जीते। अरीवा का चयन नॉर्थ जोन के लिए हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आठ से 14 जुलाई तक शिमला और कैथलीघाट में हुईं। प्रतियोगिता के तहत 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल स्पर्धाएं इंदिरा गांधी स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स, शिमला में हुईं, जबकि 25 मीटर, 50 मीटर और शॉटगन मुकाबले कैथलीघाट में हुए।

हिमालयन शूटिंग एकेडमी, बैजनाथ का प्रतिनिधित्व कर रहे तेजस नंदा ने सफलता का श्रेय परिजनों, हिमालयन शूटिंग एकेडमी के संजय राणा, अंकुश धीमान तथा कोच धीरज को दिया। नॉर्थ जोन के लिए चयनित अरीवा सोनी पपरोला की निवासी हैं और जवाहर नवोदय विद्यालय में दसवीं कक्षा की छात्रा हैं। अब वह 14 से 30 अगस्त के बीच देहरादून में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में 25 मीटर स्पोट्र्स पिस्टल और 10 मीटर इवेंट दोनों में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी। अरीवा ने अपनी प्रारंभिक शूटिंग प्रशिक्षण बैजनाथ की हिमालयन शूटिंग एकेडमी से प्राप्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App