600 मेधावी आज होंगे सम्मानित, शिमला में सजेगा मेधावी सम्मान समारोह, राज्यपाल करेंगे शिरकत

By: Jul 14th, 2026 9:59 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप की ओर से आयोजित मेधावी सम्मान समारोह बुधवार सुबह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभागार में होगा। इसमें शिमला और ठियोग के 40 स्कूलों के 600 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य का संदेश देंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह भी बच्चों का मार्गदर्शन करेंगे। ये आयोजन शिमला के विद्यापीठ संस्थान की ओर से किया जा रहा है।

हर वर्ष की तरह इस बार भी मेधावी सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा का मंच बनेगा। इस बार समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण कलाम ऑफ हिमाचल छात्रवृत्ति परीक्षा का शुभारंभ रहेगा। समारोह में शिमला शहर के अलावा ठियोग के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिससे यह आयोजन व्यापक क्षेत्र की प्रतिभाओं का साझा उत्सव बनेगा। वर्षों से ‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप का मेधावी सम्मान समारोह प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक रहा है।

20 लाख रुपए तक के नकद इनाम

विद्यापीठ के इस टैलेंट हंट का राज्यपाल कविंद्र गुप्ता औपचारिक शुभारंभ करेंगे। डा. एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में वर्ष 2022 से शुरू हुई यह परीक्षा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नई दिशा देने का माध्यम बन चुकी है। इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को 20 लाख रुपए तक के नकद पुरस्कार तथा 50 लाख रुपए तक की छात्रवृत्तियां प्रदान की जाएंगी, जिससे आर्थिक संसाधनों के अभाव में भी प्रतिभाएं आगे बढ़ सकें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App