Himachal : कांगड़ा के बोह घाटी में प्रभावित 25 परिवारों को घर बनाने के लिए मिलेंगे साढ़े 8 लाख

By: Jul 26th, 2026 8:04 pm

परिवारों को गृह निर्माण को सरकारी भूमि करवाई जाएगी उपलब्ध: सुक्खू

रिड़कमार पीएचसी को सीएचसी में अपग्रेड करने घोषणा की

सीएम ने बोह में प्रभावित लोगों, महिलाओं व बच्चों से मिल बांटा दर्द

नरेन कुमार – धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को जिला कांगड़ा के शाहपुर क्षेत्र के बोह क्षेत्र में बादल फटने की घटना से प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बोह में स्थापित राहत शिविर का निरीक्षण किया तथा वहां ठहराए गए प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जिन 25 परिवारों के घर इस आपदा में पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें मकान निर्माण के लिए 7.50 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, कपड़े, बर्तन एवं अन्य आवश्यक घरेलू सामान की खरीद के लिए एक लाख की सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन प्रभावित परिवारों के पास रहने के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, उन्हें सरकार आवश्यकतानुसार सरकारी भूमि भी उपलब्ध कराएगी।

गौर हो कि शाहपुर के बोह घाटी में बादल फटने से घुड़घुं, भंगार और सपेड़ा गांवों के कुल 25 परिवार इस आपदा से पूरी तरह से प्रभावित हुए हैं। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सपेड़ा गांव के 13 मकानों को डेंजर जोन घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों की गाय या भैंस आपदा में मर गई है, उन्हें 55 हजार प्रति पशु तथा जिनकी बकरियां मरी हैं, उन्हें 15 हजार प्रति बकरी की सहायता राशि दी जाएगी। जिन घरों में बाढ़ या आपदा का पानी घुसने से नुकसान हुआ है, उन्हें एक लाख की राहत प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार, क्षतिग्रस्त दुकानों के लिए नुकसान के आधार पर 50 हजार से एक लाख तक की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें पांच हजार प्रति कनाल के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। जिन परिवारों को अस्थायी रूप से किराए के मकान में रहना पड़ेगा, उन्हें पांच हजार प्रतिमाह किराया सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, प्रभावित परिवारों को छह माह का राशन भी नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करते हुए 25 परिवारों को 25-25 हजार रुपए तथा 16 अन्य परिवारों को 10-10 हजार रुपये की अंतरिम सहायता राशि जारी की गई है। पुनर्वास कार्यों में भी प्रशासन तेजी से जुटा हुआ है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिडकमार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अपग्रेड करने की घोषणा भी की। जिससे क्षेत्र में स्वास्थय सेवाओं को ओर अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। इस मौके पर शाहपुर के विधायक एवं उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दीपक राठौर, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज कुमार, स्थानीय पंचायत प्रधान नीलम कुमारी, उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App