सरकार खेल संस्कृति को दे रही बढ़ावा
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी बोले, घुमारवीं में बनाया जा रहा करोड़ों का स्टेडियम
निजी संवाददाता-भगेड़
नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने, ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों की ओर संचारित करने तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राज्य में खेल गतिविधियों को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित करने के लिए विशेष बल दे रही है। प्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि खेलों के माध्यम से बच्चों और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को आकर्षक प्रोत्साहन प्रदान करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल ढांचे के विकास पर भी कार्य किया जा रहा है।
राजेश धर्माणी रविवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगेड़ में कृष्णा कबड्डी अकादमी द्वारा आयोजित एक दिवसीय कबड्डी ओपन टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में वृद्धि की है। इसके साथ-साथ प्रदेश के खिलाडिय़ों की डाइट मनी में भी तीन गुणा बढ़ोतरी की है। खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों के आवागमन हेतु रेल एवं हवाई यात्रा सुविधा का भी प्रावधान किया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

