आक्रोश रैली में गरजी कांग्रेस, महंगाई-बेरोजगारी पर घेरा केंद्र
विधायक सुरेश कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
निजी संवाददाता – भोरंज
विधानसभा क्षेत्र भोरंज में रविवार को कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार की नीतियों और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर विधायक सुरेश कुमार के नेतृत्व में विशाल आक्रोश रैली एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। रैली विश्राम गृह भोरंज से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए बस्सी चौक पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरा। धरने को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि प्रदेश और देश में जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों के समाधान के बजाय जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। विधायक ने हाल के पेपर लीक मामलों का मुद्दा भी उठाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया।
सरकार के खिलाफ बुलंद की आवाज
इस अवसर पर भोरंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, रोशन लाल, विक्रम शर्मा, राकेश गोल्डी, विशाल, संगीता शर्मा, चंदन ठाकुर, रामचंद्र पठानिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने भाजपा सरकार के खिलाफ आयोजित आक्रोश रैली और धरना-प्रदर्शन में भाग लेकर जनहित के मुद्दों पर सरकार के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

