हार्दिक पांड्या के लिए सीएसके का मेगा ऑफर
मुंबई इंडियंस को 10 करोड़ के साथ दो खिलाडिय़ों की भी पेशकश, आयुष म्हात्रे को पाना चाहती है एमआई
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस से विदाई तय मानी जा रही है। कई टीमें उन्हें ट्रेड करके अपने साथ जोडऩा चाहती हैं। इससे चेन्नई सुपर किंग्स सबसे आगे मानी जा रही है। हालांकि, दोनों फ्रेंचाइजी के बीच ट्रेड को लेकर अभी सहमति नहीं बन पाई है। मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या के बदले आयुष म्हात्रे और शिवम दुबे के साथ नकद राशि की मांग की है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स अपने युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को छोडऩे के पक्ष में नहीं है। बताया जा रहा है कि मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या के बदले एक मजबूत पैकेज चाहती है। फ्रेंचाइजी की प्राथमिकता युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैं, जिन्होंने आईपीएल 2026 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित किया था। वह इंजरी की वजह से पूरे मैच नहीं खेल पाए, लेकिन अपनी बैटिंग से सभी को प्रभावित किया। हार्दिक तेज गेंदबाज के साथ ही मध्यक्रम के विस्फोटक बल्लेबाज हैं। इसी वजह से कई फ्रेंचाइजी उन्हें अपने साथ जोडऩा चाहती है। वह कप्तानी का भी विकल्प देते हैं। केकेआर भी उन्हें ट्रेड करने की कोशिश में है। इसके साथ ही राजस्थान रॉयल्स भी रेस में बताई जा रही है।
मुंबई के लिए असफल रहे हार्दिक
हार्दिक पांड्या 2022 में मुंबई से गुजरात टाइटंस में चले गए थे। वहां उन्होंने पहले ही सीजन टीम को चैंपियन बनाया। अगले सीजन फाइनल तक पहुंचाया। 2024 सीजन से पहले मुंबई इंडियंस ने उन्हें ट्रेड किया और कप्तान भी बनाया। उस सीजन टीम टेबल में आखिरी नंबर पर रही। 2025 में प्लेऑफ तक पहुंचे, लेकिन 2026 में नौवें नंबर पर रही। हार्दिक गेंद के साथ ही बल्ले से कोई छाप नहीं छोड़ पाए।
म्हात्रे की जगह ब्रेविस का ऑफर
आयुष म्हात्रे को टीम में बनाए रखने के लिए सीएसके ने कथित तौर पर मुंबई इंडियंस के सामने एक नया प्रस्ताव रखा है। रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई ने हार्दिक पांड्या के बदले शिवम दुबे और डेविड ब्रेविस के साथ 10 करोड़ रुपए नगद की पेशकश की है। अगर यह प्रस्ताव स्वीकार किया जाता है, तो मुंबई इंडियंस को खिलाडिय़ों और नकद राशि के रूप में 20 करोड़ रुपए से अधिक का पैकेज मिल सकता है। हालांकि अभी तक किसी भी फ्रेंचाइजी ने इस संभावित ट्रेड को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

