HPU में पीजी की नियमित कक्षाएं 30 से, 29 तक पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया, नए छात्रों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम अनिवार्य

By: Jul 26th, 2026 10:27 pm
Himachal Pradesh University

29 तक पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया, नए छात्रों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम अनिवार्य

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नियमित शिक्षण कार्यक्रम को लेकर अधिसूचना जारी की है। डीन ऑफ स्टडीज कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विश्वविद्यालय के सभी परिसर आधारित स्नातकोत्तर एवं अन्य पाठ्यक्रमों (यूजी कार्यक्रमों को छोडक़र) की नियमित कक्षाएं अब 30 जुलाई से प्रारंभ होंगी। इससे पहले इन कक्षाओं की शुरुआत 27 जुलाई से प्रस्तावित थी, जिसे संशोधित कर तीन दिन आगे बढ़ा दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, कुलपति 30 जुलाई से पांच अगस्त तक विभिन्न शिक्षण विभागों, केंद्रों और संस्थानों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह शिक्षकों के साथ संवाद कर नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों, शिक्षण व्यवस्था और अकादमिक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

एचपीयू ने सभी विभागाध्यक्षों और संस्थानों के निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि प्रथम सेमेस्टर और प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए 30 जुलाई से पांच अगस्त तक छह दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, नियमों, सुविधाओं और पाठ्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। विश्वविद्यालय ने यह भी निर्देश दिए हैं कि इंडक्शन कार्यक्रम को पहले से शैक्षणिक समय-सारिणी में शामिल किया जाए तथा कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट और फोटोग्राफ सहित अन्य दृश्य सामग्री डीन ऑफ स्टडीज़ कार्यालय के माध्यम से कुलपति को भेजी जाए।

कम अटेंडेंस के बावजूद लगेंगी कक्षाएं

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों एवं निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि 30 जुलाई से नियमित कक्षाओं का संचालन हर हाल में शुरू किया जाए। यदि शुरुआती दिनों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम भी रहती है, तब भी शिक्षण कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। प्रशासन का कहना है कि समयबद्ध तरीके से शैक्षणिक सत्र शुरू करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App