एक ही छत के नीचे देश के नामी डाक्टर्स ने की मुफ्त जांच

By: Jul 27th, 2026 12:01 am

कटोहड़ कलां के गुरुकुल स्कूल में उमड़ी भीड़, एक हजार से ज्यादा लोगों ने करवाई मुफ्त जांच

स्टाफ रिपोर्टर – अंब
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल कटोहड़ कलां में गुरुकुल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के तत्वावधान में रविवार को एक नि:शुल्क मेगा मेडिकल कैंप का सफल आयोजन हुआ। शिविर की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। शिविर में पहुंचे फोर्टिस हॉस्पिटल, जालंधर, पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़, बिलास फाउंडेशन, चंडीगढ़ तथा संजीव मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, भोगपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्कूल प्रशासन और स्कूल प्रबंधन कमेटी द्वारा भव्य स्वागत किया गया। डा. टी.पी. सिंह (लिवर एवं गैस्ट्रो विशेषज्ञ), डा. गौरव अग्रवाल (हृदय रोग विशेषज्ञ), डा. अक्षित गौतम (जनरल मेडिसिन), डा. अरविंद कौशल (प्लास्टिक सर्जन), डा. तरुण गौतम (जनरल फिजिशियन), डा. पल्लवी कौशल (डेंटल विशेषज्ञ) तथा डा. लक्षिता शर्मा (जनरल फिजिशियन) शामिल रहे।

कैंप में एक हजार से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक दवाइयों का नि:शुल्क लाभ उठाया। विद्यालय के प्रबंधन निदेशक राजेश गौतम ने बताया कि गुरुकुल परिवार हर वर्ष ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता है। राजेश गौतम ने आगे कहा कि गुरुकुल का उद्देश्य हमेशा से शिक्षा के साथ साथ सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता से निभाना भी रहा है। राजेश गौतम ने शिविर में पहुंचे सभी डाक्टरों का सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

गुरुकुल परिवार की सराहनीय भागीदारी

इस मौके पर गुरुकुल स्कूल की निदेशक ज्योति गौतम, प्रिंसीपल डायरेक्टर डीपी राय, प्रिंसीपल गुरुकुल इंटरनेशनल संतोष कुमारी, प्रिंसीपल गुरुकुल पब्लिक शिवानी गुलेरिया तथा अन्य स्कूल स्टाफ भी मौजूद रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App