अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का भव्य आगाज, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया शुभारंभ, आठ दिन चलेगा मेला

By: Jul 27th, 2026 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंबा

चंबा जनपद के आठ दिवसीय ऐतिहासिक एवं अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का रविवार को विधिवत तरीके से शुभारंभ हो गया। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मेले के शुभारंभ मौके पर बतौर मुख्यातिथि उपस्थिति दर्ज करवाई। इससे पहले रविवार सवेरे नगर परिषद कार्यालय से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा की अगवाई एसडीएम चिराग शर्मा ने की। लक्ष्मीनाथ मंदिर में राज्यपाल ने पूजा-अर्चना की रस्म अदा की। इसके बाद बंसी गोपाल मंदिर में मिंजर अर्पित करते हुई पिंक पैलेस पहुंची। पिंक पैलेस में मिर्जा परिवार के वरिष्ठ सदस्य एजाज मिर्जा ने भगवान रघुवीर को मिंजर अर्पित करने की रस्म अदा की। तदोपरांत शोभायात्रा ने हरिराय मंदिर में पूजा- अर्चना करते हुए ऐतिहासिक चौगान का रुख किया। ऐतिहासिक चौगान में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने ध्वजारोहण कर मेले का अधिकारिक तौर पर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सदियों पुराना मिंजर उत्सव हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामुदायिक सौहार्द और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है तथा प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को सहेजने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपनी लोक संस्कृति, कला, मेलों और त्योहारों की गौरवशाली परंपराओं को पीढिय़ों से संरक्षित रखा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें और भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति पर गर्व करें। उन्होंने कहा मिंजर जैसे उत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को भी सुदृढ करते हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को मिंजर मेला की मुबारकबाद भी दी।

राज्यपाल ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर चौगान में जिला चंबा के कारगिल शहीद आशीष थापा, खेमराज तथा ओमप्रकाश को श्रद्धासुमन भी अर्पित किए तथा उपस्थित लोगों को राष्ट्र की रक्षा और शहीदों के आदर्शों के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्नल रवि वैद,विद्या देवी, मुशरबू देवी, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर अशोक कुमार, हवलदार मिलाप सिंह, हेमराज, हवलदार सुशील कुमार, हवलदार कारण सिंह, अश्वनी कुमार तथा हवलदार धर्मपाल को सम्मानित भी किया।इसके बाद राज्यपाल ने मिंजर मेला खेलकूद प्रतियोगिता का भी उद्घाटन किया। उन्होंने मिंजर मेले के दौरान सजी विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टालों का भी अवलोकन किया। अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी ने मुख्यातिथि को मिंजर भेंट की। राज्यपाल ने मेले के दौरान आयोजित होने वाली खेलकूद गतिविधियों का उद्घाटन भी किया। मिंजर मेला खेलकूद उपसमिति के संयोजक एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने भी राज्यपाल को चंबा थाल भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां, सदर विधायक नीरज नैयर, विधायक डीएस ठाकुर, एपीएमसी के चेयरमैन ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, एसडीएम चिराग शर्मा व एएसपी दिनेश शर्मा सहित कई गणामन्य लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App