न्यू स्कूल कांम्लेक्स सिस्टम के विरोध में शिक्षकों में फूटा गुस्सा

By: Jul 27th, 2026 12:02 am

; मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष, क्रमिक अनशन शुरू

कार्यालय संवाददाता-शिमला
न्यू कंपलेक्स सिस्टम के विरोध और 25 सूत्रीय मांगों को लेकर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश ने रविवार को शिमला के ऐतिहासिक चौड़ा मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में 15 हजार से अधिक प्राथमिक शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षक, मिड-डे मील वर्कर्स, मल्टी टास्क वर्कर्स, स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, बेरोजगार जेबीटी और नर्सरी शिक्षक शामिल हुए। धरना प्रदर्शन से पहले सुबह 10 बजे शिक्षक भवन चक्कर से प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा राज्य अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में शुरू गई। इसके बाद प्राथमिक शिक्षकों की मांगो को लेकर नारे लगाते हुए यह यात्रा करीब 11 बजे पैदल चौड़ा मैदान पहुंची।

वहां मौजूद हजारों लोगों ने जोरदार नारेबाजी के साथ यात्रा का स्वागत किया। धरने को संबोधित करते हुए संघ के नेताओं ने न्यू कंपलेक्स सिस्टम का कड़ा विरोध करते हुए 23 सितंबर 2025 की अधिसूचना को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई। इसके अलावा प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के 5000 रिक्त पद भरने, नर्सरी शिक्षकों की भर्ती, मुख्य शिक्षक पदोन्नति का लाभ, जेबीटी से टीजीटी पदोन्नति, हायर ग्रेड-पे सहित 25 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। संघ ने बताया कि एक दिन पहले मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में सरकार ने न्यू कंपलेक्स सिस्टम की समीक्षा के लिए समिति गठित करने और प्राथमिक शिक्षकों के हितों के प्रतिकूल प्रावधानों में संशोधन का आश्वासन दिया था। मुख्यमंत्री स्वयं चौड़ा मैदान पहुंचे और न्यू कांप्लेक्स प्रणाली में संशोधन किए जाने की घोषणा की। संघ ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत किया, लेकिन स्पष्ट किया कि जब तक न्यू कांप्लेक्स सिस्टम में प्राथमिक शिक्षा और शिक्षकों के हितों के खिलाफ किए गए प्रावधान वापस नहीं लिए जाते और 25 सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संघ ने रविवार शाम से शिक्षा निदेशालय, के बाहर अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया है। संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा और महासचिव रजनीश कौशिक ने कहा कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रदेश सरकार उनकी सभी मांगें पूरी करें।

मुख्यमंत्री की घोषणा का किया स्वागत
मुख्यमंत्री द्वारा संशोधन की घोषणा का संघ ने स्वागत किया है। प्राथमिक शिक्षक संघ ने यह निर्णय लिया कि जब तक प्राथमिक शिक्षकों व प्राथमिक शिक्षा के खिलाफ न्यू कांप्लेक्स सिस्टम में किए गए प्रावधानों को वापस नहीं लिया जाता है तथा संघ की अन्य 25 मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, उस समय तक प्राथमिक शिक्षक संघ का संघर्ष जारी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App