जयराम बोले, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ न करें
कहा, बेरोजगारों के नाम पर हो रही राजनीति
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर कांग्रेस सरकार की भूमिका पूरी तरह संदेह के घेरे में है। हिमाचल पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में संलिप्त पाए गए अधिकारियों पर कार्रवाई न करने का बड़ा आरोप नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लगाया है। उन्होंने कहा कि सीबीआई की जांच में कुछ अधिकारियों की भूमिका और लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने उन अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप दीं। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जब पुलिस भर्ती पेपर लीक का मामला सामने आया था, तब सरकार ने बिना किसी दबाव के तुरंत सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
उन्होंने कहा कि सीबीआई की जांच में कुछ अधिकारियों की भूमिका और लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि आखिर किन कारणों से उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। कांग्रेस युवाओं के हितों की लड़ाई नहीं, बल्कि छात्रों और बेरोजगारों के कंधों पर राजनीति करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के कैंडल मार्च पर भी तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

