बेंगलुरु की आवक से मंडियों में गिरे टमाटर के दाम

By: Jul 27th, 2026 12:03 am

दामों में भारी गिरावट से किसान चिंतित, सोलन मंडी में 350 रुपए में बिका हिमसोना टमाटर का क्रेट

नगर संवाददाता-राजगढ़
राजगढ़ क्षेत्र के टमाटर उत्पादक किसान इन दिनों मंडियों में लगातार गिर रहे दामों से परेशान हैं। पिछले एक सप्ताह में टमाटर के भाव में तेज गिरावट आने से किसानों के लिए उत्पादन लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। रविवार को सोलन सब्जी मंडी में हिमसोना टमाटर अधिकतम 350 रुपए और हाइब्रिड 200 से 250 रुपए प्रति क्रेट बिका। किसानों का कहना है कि इन दामों पर दवाइयों, मजदूरी, पैकिंग और परिवहन का खर्च निकालना भी मुश्किल है। आढ़ती विनोद कुमार के अनुसार देश की विभिन्न मंडियों में बेंगलुरु से बड़ी मात्रा में टमाटर पहुंचने के कारण आपूर्ति बढ़ गई है, जिससे कीमतों में गिरावट आई है।

किसानों ने बताया कि पानीपत, दिल्ली, चंडीगढ़ और सोलन मंडियों में भी हाइब्रिड टमाटर 200 से 250 और हिमसोना अधिकतम 350 रुपये प्रति क्रेट बिक रहा है। सभी खर्च निकालने के बाद किसानों को महज 50 से 100 रुपए प्रति क्रेट की बचत हो रही है। किसानों के अनुसार सीजन की शुरुआत में टमाटर 600 से 700 रुपए प्रति क्रेट तक बिका था, लेकिन अब भाव आधे से भी कम रह गए हैं। राजगढ़ में टमाटर प्रमुख नकदी फसल है और हजारों परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है। हालांकि, इस वर्ष लहसुन और फ्रांसबीन के अच्छे दाम मिलने से किसानों को कुछ राहत मिली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App