दि पैराडाइज का ‘आया शेर’ साल का बड़ा चार्टबस्टर, 200 मिलियन व्यूज पार

By: Jul 27th, 2026 4:49 pm

मुंबई। नेचुरल स्टार नानी अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म दि पैराडाइज का गीत ‘आया शेर’ दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर रहा है। मेकर्स के अनुसार इस गाने ने यूट्यूब पर 200 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है और वर्ष 2026 के सबसे चर्चित गीतों में शामिल हो गया है। फिल्म दि पैराडाइज की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह बना हुआ है। नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की सफल जोड़ी एक बार फिर साथ आ रही है। इससे पहले दोनों की फिल्म दसरा को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। फिल्म का हाई-एनर्जी गीत आया शेर सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार लोकप्रियता हासिल कर रहा है।

गाने के दमदार संगीत और नानी के सिग्नेचर डांस मूव्स को लेकर बड़ी संख्या में प्रशंसक रील्स और वीडियो बना रहे हैं। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर गाने की उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि आया शेर ने यूट्यूब पर 200 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है। गाने को अब तक 1.8 मिलियन) से अधिक लाइक्स भी मिल चुके हैं, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाते हैं। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। दि पैराडाइज एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले निर्मित की गई है और 21 अगस्त 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम सहित आठ भाषाओं में विश्वभर में रिलीज होगी। मेकर्स का दावा है कि फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़े पैमाने पर प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। दमदार स्टारकास्ट, भव्य निर्माण और व्यापक रिलीज योजना के कारण दि पैराडाइज को वर्ष 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App