हमीरपुर में स्मार्ट मीटर पर हल्ला, उपभोक्ता कल्याण मंच ने घेरा बिजली बोर्ड कार्यालय

By: Aug 7th, 2026 2:53 pm

सुरेंद्र ठाकुर—हमीरपुर

बिजली बोर्ड की तरफ से लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर के विरोध में शुक्रवार को उपभोक्ता कल्याण मंच ने विरोध रैली निकाली। विरोध रैली निकालकर बिजली बोर्ड कार्यालय का घेराव किया गया। बोर्ड कार्यालय परिसर में पहुंचकर स्मार्ट मीटर के विरोध में नारेबाजी की गई। इस रैली में काफी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान मांग रखी गई कि बिजली के स्मार्ट मीटर लगाना बंद किया जाए।

बिजली बोर्ड में निजी कंपनियों को लाईसेंस देना बंद हो। बिजली संशोधन बिला वापिस लिया जाए तथा बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन करना बंद किया जाए। चिल्ड्रन पार्क से लेकर बिजली बोर्ड तक यह स्मार्ट मीटर के विरोध में रैली निकाली गई।बता दें कि काफी लंबे समय से उपभोक्ता कल्याण मंच स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करता आ रहा है। मंच का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाया जाना उपभोक्ताओं के हक में नहीं है। स्मार्ट मीटर लगाने के बाद उपभोक्ताओं पर अधिक आर्थिक बोझ बढ़ेगा। इसी के चलते शुक्रवार को यह विरोध प्रदर्शन किया गया। सभी ने एकजुटता के साथ स्मार्ट मीटर का विरोध किया तथा इसे लगाने की प्रक्रिया को बंद करने की बात कही।

गरीबों की जेब पर डाका

ग्राम पंचायत देई का नौण के उपप्रधान रंजन शर्मा ने कहा कि पूरे देश में स्मार्ट मीटर का विरोध किया जा रहा है। इसका मुख्य कारण है कि निजी कंपनी का फायदा पहुंचाने के लिए सरकारें इनके आगे नतमस्तक हो रही हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर का खर्च गरीब की जेब पर डाका डालने के सामान है। उन्होंने कहा कि पहले से ही घरों में डिजिटल मीटर लगे हुए हैं तो स्मार्ट मीटर लगाने की क्या आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब लोग स्मार्ट मीटर लगाना नहीं चाहते हैं तो इसके लिए फोर्स नहीं करना चाहिए।

कनेक्शन काटने की धमकियां

उपभोक्ता कल्याण मंच के सह संयोजक एडवोकेट सुरेश राठौर ने कहा कि हाल ही में उपभोक्ता कल्याण मंच का गठन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को पुरजोर विरोध करना था। उन्होंने कहा कि बिजली स्मार्ट मीटर की सुविधाएं बताए उपभोक्ताओं के घरों में इन्हें लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां स्मार्ट मीटर का विरोध हो रहा है तो वहां पर बिजली कनेक्शन काटने की धमकियां दी जा रही हैं। इसी के विरोध में अधीक्षण अभियंता बिजली बोर्ड से मुलाकात करने के लिए पहुंचे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App