काठा के उद्योग में कथित तालाबंदी पर कर्मचारियों का प्रदर्शन
बिना सूचना काम से रोकने का आरोप, इंटक ने श्रम विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग उठाई
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बरोटीवाला
औद्योगिक क्षेत्र काठा स्थित एक प्लास्टिक उत्पाद निर्माता उद्योग में कथित तौर पर बिना पूर्व सूचना तालाबंदी किए जाने के विरोध में शुक्रवार को कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं ने इंटक फेडरेशन के बैनर तले उद्योग के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए श्रम विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि वे शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर पहुंचे तो उद्योग के मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। उनका कहना है कि उद्योग प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच चल रहे विवाद को लेकर श्रम विभाग ने 12 अगस्त को बैठक तय की थी, लेकिन उससे पहले ही बिना किसी नोटिस के उद्योग बंद कर दिया गया।
इंटक फेडरेशन के प्रदेश महासचिव हरबंस राणा ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना कर्मचारियों को काम से बाहर करना श्रम कानूनों के विपरीत है। उन्होंने हिमाचली कर्मचारियों के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए न्यूनतम वेतन के प्रभावी क्रियान्वयन और बद्दी क्षेत्र में स्थायी लेबर ऑफिसर की नियुक्ति की मांग भी उठाई। लेबर इंस्पेक्टर अमित ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों की बैठक 12 अगस्त को निर्धारित है। जांच में यदि श्रम कानूनों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो उद्योग प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
