ब्राह्मणोंं को बसपा से जुड़ता देख सपा में मची खलबली, मायावती बोलीं-चौकन्ना रहे सर्वसमाज

By: Aug 8th, 2026 12:20 pm

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि सपा अपनी संकीर्ण जातिवादी राजनीति और चुनावी स्वार्थ के लिए लगातार राजनीतिक रंग बदलती रही है। सुश्री मायावती ने ‘एक्स’ पर जारी सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि बसपा ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति एवं सिद्धांत पर अमल करने वाली सर्वसमाज हितैषी अंबेडकरवादी पार्टी है और उत्तर प्रदेश में चार बार उसकी सरकार भी इसी आधार पर चली है। इसके विपरीत सपा अपनी संकीर्ण जातिवादी राजनीति और चुनावी स्वार्थ के लिए गिरगिट की तरह रंग बदलती रहती है।

उन्होंने कहा कि इसी क्रम में सपा द्वारा प्रचारित कथित ‘पीडीए’ अर्थात पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक में पहले ‘पी’ से ‘पिछड़े’ का प्रचार करने के बाद अब अपर कास्ट समाज, खासकर ब्राह्मण समाज को बसपा से तेजी से जुड़ता देखकर और उसी आधार पर पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने से विचलित होकर सपा ने ‘पी’ से ‘पंडित’ कर दिया है। बसपा अध्यक्ष ने इसे सपा के राजनीतिक छल और छलावे का एक और प्रमाण करार देते हुए सवाल किया कि आखिर इसे और क्या कहा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के राजनीतिक छल और छलावे से किसी व्यक्ति विशेष का कुछ समय के लिए भला हो सकता है, लेकिन इससे पूरे समाज का कभी भला नहीं हो सकता। उन्होंने सर्वसमाज के लोगों को सपा और उसकी संकीर्ण जातिवादी राजनीति से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि यह समय की मांग भी है और सर्वसमाज के हित में भी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App