Punjab News: फिरोजपुर में 30 किलो हेरोइन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
फिरोजपुर। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस इकाई ने फिरोजपुर ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान में एक बड़े क्रॉस-बॉर्डर मादक पदार्थ तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30.200 किलोग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत की गयी। बरामद हेरोइन की बड़ी मात्रा को देखते हुए इसे तस्करी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। इस संबंध में फाजिल्का के स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है। जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज) का पता लगाने के साथ-साथ सीमा पार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने क्रॉस-बॉर्डर तस्करी और नशे से जुड़े अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए कहा कि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
