एसडीएम ने लिया स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां का जायजा
निजी संवाददाता – बड़सर
बड़सर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में इस बार 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर 15 अगस्त को राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक व गरिमामय कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। राज्य स्तरीय आयोजन को देखते हुए जिला व स्थानीय प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम अत्यंत तीव्र गति से चल रहा है। समारोह की महत्ता को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ के दिशा-निर्देशों के तहत बड़सर की एसडीएम स्वाति डोगरा ने मंगलवार को स्वयं आयोजन स्थल पर पहुँचकर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने ग्राउंड की सुरक्षा और व्यवस्था का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया तथा तैयारियों में लगे विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए। एसडीएम स्वाति डोगरा ने निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच के निर्माण, परेड ग्राउंड की मार्किंग, वीआईपी व आम दर्शकों के बैठने के लिए बनाए जा रहे पृथक-पृथक ब्लॉकों का विशेष रूप से मूल्यांकन किया। उन्होंने परेड में भाग लेने वाली पुलिसए होमगार्ड व एनसीसी की टुकडिय़ों तथा राज्य भर से आए सांस्कृतिक दलों के कलाकारों के ठहरनेए भोजन व अन्य मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। प्रशासन का मुख्य ध्येय समारोह में आने वाले गणमान्य व्यक्तियों और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है। इसके लिए ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, निर्बाध बिजली व्यवस्था और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष खाका तैयार किया गया है। अधिकारियों का दावा है कि सभी प्रबंध समय रहते पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे यह राज्य स्तरीय समारोह पूर्ण रूप से भव्यए सुरक्षित और स्मरणीय बन सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
