श्रावण अष्टमी मेले को नयनादेवी तैयार

By: Aug 12th, 2026 12:02 am

400 से अधिक जवान संभालेंगे सुरक्षा, कल से साढ़े 22 घंटे खुलेगा माता का दरबार

निजी संवाददाता-नयना देवी
विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में 13 से 22 अगस्त तक आयोजित होने वाले श्रावण अष्टमी मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मेले के दौरान माता का दरबार श्रद्धालुओं के लिए करीब साढ़े 22 घंटे खुला रहेगा। मंदिर के कपाट रात 12 से 1:30 बजे तक बंद रहेंगे। मेले के लिए एडीसी बिलासपुर को मेला अधिकारी, एएसपी बिलासपुर को पुलिस मेला अधिकारी तथा डीएसपी श्रीनयना देवी जी को सहायक पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। कानून व्यवस्था के लिए पूरे मेला क्षेत्र को नौ सेक्टरों में बांटा गया है।

प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए 400 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। बस अड्डे से मुख्य मंदिर तक श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने के लिए छह बैरिकेड लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए छह स्थायी व अस्थायी चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे और आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम तैनात रहेगी। पंजाब से आने वाले करीब 300 स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे। बढ़ती यातायात व्यवस्था को देखते हुए टोबा, घवांडल और रोप-वे समेत प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे तथा विशेष बस सेवाएं भी संचालित की जाएंगी। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी। श्रद्धालुओं को पवित्र पिंडी के दर्शन तीन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी करवाए जाएंगे। करीब एक हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला जर्मन हैंगर भी स्थापित किया जाएगा।

ग्रीन मेले पर जोर, लंगर को ऑनलाइन अनुमति जरूरी

मेले में लंगर लगाने के लिए ऑनलाइन अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। लंगर संचालकों को सफाई और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन इस बार मेले को ग्रीन मेला बनाने पर विशेष जोर दे रहा है। प्लास्टिक के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने के साथ सफाई व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मंदिर न्यास प्रशासन श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।
-धर्मपाल चौधरी, अध्यक्ष, मंदिर न्यास श्रीनयनादेवी एवं एसडीएम


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App