गिरी-अश्वनी खड्ड में जान जोखिम में डाल नहा रहे युवक

By: Aug 12th, 2026 12:02 am

तेज बहाव के बीच नहाने का वीडियो वायरल, लापरवाही पर उठे सवाल

निजी संवाददाता-सोलन
बरसात के मौसम में नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर अचानक बढऩे के बावजूद कुछ युवक अपनी जान जोखिम में डालकर गिरी नदी और अश्वनी खड्ड में नहाते नजर आ रहे हैं। तेज बहाव के बीच युवकों के नदी में उतरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान नदी-नालों में पानी का बहाव कभी भी खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में कुछ युवक गिरी नदी के तेज बहाव के बीच नहाते दिखाई दे रहे हैं। इन दिनों लगातार बारिश के कारण नदी और खड्डों में पानी का स्तर बढ़ा हुआ है।

पहाड़ी क्षेत्रों में ऊपरी हिस्सों में होने वाली बारिश का असर निचले क्षेत्रों में अचानक दिखाई देता है। कई बार बिना किसी पूर्व सूचना के नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे पानी में मौजूद लोगों के लिए सुरक्षित स्थान तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार नदी में उतरने वाले कई लोग खतरे को गंभीरता से नहीं लेते। सामान्य दिखाई देने वाला पानी कुछ ही मिनटों में उफान पर आ सकता है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी बढ़ाने तथा नदी में जाने वालों को मौके पर रोकने की मांग की है। साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने और नदी किनारे पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग उठाई गई है।

जिला प्रशासन पहले ही लगा चुका है प्रतिबंध

जिला दंडाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा ने आमजन की सुरक्षा को देखते हुए नदी-नालों और खड्डों के किनारे जाने को लेकर आदेश जारी किए हैं। अश्वनी खड्ड और गिरी नदी में स्नान और किनारों पर पिकनिक मनाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। गिरीपुल में शनि मंदिर के आसपास पर्यटन गतिविधियों पर भी रोक है। पुलिस को जिला पर्यटन अधिकारी के साथ समन्वय कर आदेश लागू करवाने के निर्देश दिए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App