शिलाई के राशन डिपुओं में तीन महीने से दालें ही नहीं

By: Aug 12th, 2026 12:02 am

उचित मूल्य की दुकानों में राशन की कमी से उपभोक्ताओं में रोष, विभाग ने टेंडर में देरी को बताया वजह

निजी संवाददाता-शिलाई
शिलाई क्षेत्र की सरकारी उचित मूल्य की दुकानों में पिछले तीन महीने से अनुदान पर मिलने वाली दालों की आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं में रोष है। उपभोक्ताओं का कहना है कि राशन वितरण व्यवस्था में लंबे समय से किसी न किसी आवश्यक खाद्य सामग्री की कमी बनी हुई है। उनका आरोप है कि पिछले करीब तीन वर्षों से लगभग हर महीने राशन की कोई न कोई वस्तु उपलब्ध नहीं हो पाती। उपभोक्ताओं के अनुसार प्रदेश सरकार पात्र परिवारों को अनुदान पर खाद्य तेल, नमक, चीनी और तीन प्रकार की दालें उपलब्ध करवाने का दावा करती है, लेकिन पिछले तीन माह से तीनों प्रकार की दालें नहीं मिली हैं।

जनवरी से अब तक भी कई बार अन्य राशन सामग्री की कमी रही है। उपभोक्ताओं रमेश कुमार, सुंदर सिंह, कांति राम, नितेश कुमार, सन्नी देवी, गुमानी देवी, अतरो देवी, गुलाब सिंह और धर्म सिंह ने सरकार से समय पर पूरा राशन उपलब्ध करवाने की मांग की है। पूर्व खाद्य आपूर्ति निगम उपाध्यक्ष बलदेव सिंह तोमर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीब परिवारों को मिलने वाला राशन भी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने इसे सरकार की व्यवस्था पर सवाल बताया।

टेंडर में देरी से हुई सप्लाई प्रभावित
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निगम शिलाई के निरीक्षक विक्रम सिंह ठाकुर ने बताया कि दालों की आपूर्ति टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही दालों सहित शेष राशन सामग्री उचित मूल्य की दुकानों तक पहुंचा दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App