लोबगा रंगज़ेन को श्रद्धांजलि, निकाला कैंडल मार्च

By: Aug 12th, 2026 12:01 am

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
क्षेत्रीय तिब्बती युवा कांग्रेस और क्षेत्रीय तिब्बती महिला संघ, पांवटा साहिब एवं पुरुवाला के सदस्यों ने मंगलवार शाम शहीद लोबगा रंगज़ेन को श्रद्धांजलि देने के लिए शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। मार्च शाम करीब छह बजे भूपपुर से शुरू होकर बद्रीपुर और पांवटा मुख्य बाजार से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्च में सैकड़ों तिब्बती समुदाय के लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लेकर शांति, न्याय और मानवाधिकारों का संदेश दिया।

आयोजकों के अनुसार तिब्बती युवा लोबगा रंगज़ेन ने दो जुलाई 2026 को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के सामने आत्मदाह कर तिब्बतियों की समस्याओं की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया था। उनके बलिदान के सम्मान में आयोजित मार्च के दौरान तिब्बत की आजादी के लिए आत्मदाह करने वाले अब तक के 170 तिब्बती शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मार्च का नेतृत्व क्षेत्रीय तिब्बती युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवांग पेलजोर, छेरिंग तेनपा तथा महिला संघ अध्यक्ष दावा डोलमा और टाशी वांगमो ने किया। आयोजकों ने कहा कि मार्च का उद्देश्य शांति और मानवाधिकारों के मूल्यों को मजबूत करना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App