राजगढ़ में दर्दनाक हादसा, तीन मंजिला मकान गिरने से मां-बेटी की मौत, दो मासूम घायल

By: Aug 12th, 2026 3:59 pm

राजगढ़। ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियाधार में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा पेश आया। भीम सिंह का तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद उनकी पत्नी, मायके आई विवाहित बेटी तथा दो मासूम बच्चियां मलबे में दब गईं। हादसे में भीम सिंह की पत्नी और उनकी विवाहित बेटी की मौत हो गई, जबकि दोनों डेढ़ वर्षीय बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद सोलन रैफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे। मकान के अचानक गिरने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवा मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। युवाओं ने मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया।

सिविल अस्पताल राजगढ़ में चिकित्सकों ने निर्मला पत्नी भीम सिंह (60) और पूजा पत्नी अमित राणा (32) को मृत घोषित कर दिया। पूजा अपने मायके में मेहमान के रूप में आई हुई थीं। हादसे में दोनों मासूम बच्चियां भी गंभीर रूप से घायल हुईं। डेढ़ वर्षीय ईरा की हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सोलन रैफर किया गया, जबकि डेढ़ वर्षीय अबियाना का उपचार जारी है।

हादसे के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों की जान भी बाल-बाल बची। मृतका पूजा की सास और परिवार की बहू हादसे से महज दो मिनट पहले किसी कार्य से मकान से बाहर आई थीं, जिसके चलते वह मलबे की चपेट में आने से बच गईं। वहीं मकान मालिक भीम सिंह भी उस समय घर से बाहर गए हुए थे। यदि वह उस समय घर के अंदर होते तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी तथा हादसे के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत प्रदान की गई। तहसीलदार राजेंद्र शर्मा द्वारा मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई, जबकि सोलन रैफर की गई घायल बच्ची के उपचार के लिए 5 हजार रुपए की सहायता दी गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत और दो मासूम बच्चियों के घायल होने से पूरे छिछड़ियाधार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App