मंत्रिमंडल विस्तार से पहले अचानक दिल्ली पहुंचे सीएम सुक्खू, हाईकमान नेताओं से करेंगे मुलाकात
21 अगस्त से विधानसभा का मानसून सत्र, डिप्टी स्पीकर का चुनाव भी होगा
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार भी दिल्ली में
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – शिमला
शिमला से बिलासपुर दौरे पर गए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अचानक दिल्ली रवाना हो गए हैं। वह दिल्ली पहुंच गए हैं और पार्टी हाईकमान में कई नेताओं से मुलाकात करेंगे। बिलासपुर रवाना होने से पहले शिमला में मुख्यमंत्री ने कहा था कि मंत्रिमंडल विस्तार पॉलीटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक से पहले भी हो सकता है और सुंदर सिंह ठाकुर मंत्री परिषद की शपथ ले सकते हैं। उन्होंने यह संकेत भी दिए थे कि मंत्रिमंडल विस्तार के साथ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी संभव है। इधर हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू हो रहा है, जो 3 सितंबर तक चलेगा। वर्तमान में विधानसभा के भीतर डिप्टी स्पीकर का पद खाली है। इस पद पर पहले रेणुका से कांग्रेस विधायक विनय कुमार थे।
उनको प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उन्होंने यह पद छोड़ दिया था। इस मानसून सत्र में डिप्टी स्पीकर का पद भी भरा जाएगा। मुख्यमंत्री से पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी दिल्ली में ही थे और आज उन्होंने हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से भी मुलाकात की थी। डिप्टी सीएम से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार भी दिल्ली रवाना हुए थे और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से चर्चा के लिए गए थे। अब मुख्यमंत्री के भी अचानक दिल्ली पहुंचने पर हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कई दिनों से चल रही अटकलें को और गति मिल गई है। हालांकि राज्य सरकार की ओर से जारी प्रोग्राम के अनुसार मुख्यमंत्री ने आज बिलासपुर से शिमला लौटना था। फिर 14 और 15 अगस्त को हमीरपुर जिला का दौरा था। अब वह दिल्ली से सीधा हमीरपुर भी आ सकते हैं।
— राजेश
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
