जेसीबी से हटाईं सात रेहडिय़ां

By: Aug 13th, 2026 12:51 am

सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
सुजानपुर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद ने बुधवार को बड़ा कदम उठाया। सिविल अस्पताल के साथ लगती पार्किंग से लेकर बस स्टैंड तक पार्किंग एरिया में रखी करीब 6 से 7 रेहिडय़ों को नगर परिषद की टीम ने जेसीबी की मदद से हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार नगर परिषद की ओर से रेहडी संचालकों को कुछ दिन पहले ही नोटिस जारी कर पार्किंग क्षेत्र से रेहडिय़ां हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई रेहडिय़ां मौके से नहीं हटाई गईं। इसके बाद बुधवार को नगर परिषद ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद अधिकारी तिलक कुमार के साथ नगर परिषद के कई कर्मचारी और रेहडिय़ां उठाने वाली टीम मौके पर मौजूद रही। जेसीबी की सहायता से एक-एक कर रेहडिय़ों को पार्किंग क्षेत्र से हटाया गया।

पिछले काफी समय से बंद पड़ी थीं कुछ रेहडिय़ां
बताया जा रहा है कि इनमें कुछ रेहडिय़ां ऐसी थीं, जिन्हें दुकानदार नियमित रूप से चला रहे थे, जबकि कुछ रेहडिय़ां पिछले काफी समय से बंद पड़ी थीं।

बिना अनुमति रेहड़ी लगाने वालों की खैर नहीं
नगर परिषद की ओर से रेहड़ी संचालकों को यह भी बताया गया कि वे अस्पताल के बाहर अपनी रेहड़ी लगा सकते हैं, लेकिन इसके लिए पहले नगर परिषद में एंट्री करवानी होगी और आवश्यक अनुमति लेनी होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App