तिरंगे के सम्मान में उमड़ा पालमपुर, एक किलोमीटर तक लंबी कतार में दिखा राष्ट्रभक्ति का विराट जनसैलाब
पालमपुर –
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर के नेतृत्व में भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश के साथ निकाली गई इस यात्रा में सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोटरी भवन पालमपुर से शुरू हुई यह यात्रा न्यू बस स्टैंड तक पहुंची और वहां से वापस रोटरी भवन पहुंचकर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा पालमपुर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में तिरंगा लिए सैकड़ो कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की सहभागिता ने इस यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। तिरंगा थामे लोगों की कतार लगभग एक किलोमीटर तक लंबी रही, जिसने पालमपुर की सड़कों पर राष्ट्रभक्ति का अद्भुत और विराट दृश्य प्रस्तुत किया। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से वातावरण गूंजता रहा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता श्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि तिरंगा देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। तिरंगे में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों का त्याग, बलिदान और संघर्ष समाहित है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल हाथों में तिरंगा लेकर चलना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में “राष्ट्र प्रथम, देश सर्वोपरि” की भावना को और मजबूत करना तथा भारत की एकता और अखंडता के प्रति संकल्प को दृढ़ करना है। कपूर ने कहा कि पालमपुर में आज जिस प्रकार सैकड़ो की संख्या में लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले, वह देश और राष्ट्रध्वज के प्रति पालमपुर की जनता के गहरे सम्मान एवं प्रेम को दर्शाता है।
एक किलोमीटर तक लंबी मानव श्रृंखला के रूप में दिखाई दी यह तिरंगा यात्रा पालमपुर की राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का सशक्त प्रमाण बनी। यह यात्रा भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह, संगठन की मजबूती और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। भाजपा नेता कपूर ने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास के साथ विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता, आधुनिक बुनियादी ढांचे, राष्ट्रीय सुरक्षा और युवाओं के अवसरों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में तिरंगा यात्रा प्रत्येक नागरिक को देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का संदेश देती है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज और देश की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। तिरंगा हमें यह स्मरण करवाता है कि देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कपूर ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पालमपुर की जनता ने जिस उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया, वह निश्चित रूप से प्रेरणादायक है। तिरंगा यात्रा के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने तथा देशहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा संगठनात्मक जिला पालमपुर की अध्यक्षा रागिनी रकवाल, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा, लीगल सेल के प्रदेश सह संयोजक अरविंद शर्मा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक सुरिंदर ठाकुर दोनों मंडलों के अध्यक्ष गोपेश भृगु व सुरेश पठानिया , युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश भट्ट सहित अनेको बूथ से लेकर मंडल तक और मंडल से लेकर प्रदेश तक दायित्वान कार्यकर्ता इस तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
