दरविश कप्तान, छह अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल, एशियन गेम्स 2026 के लिए अफगानिस्तान की नई टीम का ऐलान

By: Aug 18th, 2026 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

अफगानिस्तान ने जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम घोषित कर दी है। टॉप ऑर्डर बल्लेबाज दरविश रसूली को कप्तान बनाया गया है। टीम में छह ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है। वहीं, पांच खिलाडिय़ों के पास 10 से कम इंटरनेशनल मैचों का अनुभव है। टीम में करीम जनत और नजीबुल्लाह जादरान जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी हैं।

इनके अलावा नंग्यालिया खरोटे के पास 10 से ज्यादा इंटरनेशनल मैचों का अनुभव है। एशियन गेम्स 24 सितंबर से तीन अक्तूबर तक जापान के आइची-नागोया में होंगे। अफगानिस्तान की टीम में स्पिन डिपार्टमेंट में नंग्यालिया खरोटे के अलावा लेग स्पिनर अरब गुल मोमंद हैं। तेज गेंदबाजी में फरमानुल्लाह, अब्दुल्लाह अहमदजई और फरीदून दाऊदजई हैं। ऑलराउंडर इस्मत आलम और करीम जनत भी तेज गेंदबाजी में विकल्प देंगे।

घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वालों को मौका

अफगानिस्तान ने अपनी घरेलू टी-20 प्रतियोगिता शपगीजा क्रिकेट लीग में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को टीम में शामिल किया है। एससीएल के पिछले सीजन में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मोहम्मद अकरम को टीम में जगह मिली है। टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट वाले खालिद तनीवाल भी टीम का हिस्सा हैं। दो टेस्ट खेल चुके ऑलराउंडर इस्मत आलम को भी टीम में चुना गया है। अंडर-19 वल्र्ड कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले फैसल शिनोजादा को भी टीम में शामिल किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App