स्कूल भवन को नौ महीने से इंतजार, जयराम ने प्रियंका गांधी के मंडी दौरे पर कसा तंज, आज तक उद्घाटन नहीं

By: Aug 17th, 2026 10:56 pm

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रियंका गांधी के मंडी दौरे पर कसा तंज, आज तक उद्घाटन नहीं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-मंडी

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि सरकार प्रदेश के संसाधनों और ऊर्जा का इस्तेमाल केवल गांधी परिवार की खुशामद और अपनी छवि चमकाने में कर रहे हैं। मंडी से जारी बयान में उन्होंने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र के दयोरी में लगभग नौ महीने से बहुमंजिला नया स्कूल भवन बनकर पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसके उद्घाटन के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को आमंत्रित करने का इंतजार किया जा रहा है और इस राजनीतिक कार्यक्रम पर लाखों रुपए पानी की तरह बहाए जा रहे हैं, लेकिल सभी तैयारियों के बाद दौरा अंत में कैंसिल हो गया।

उन्होंने खुलासा किया कि छह जुलाई को शिक्षा मंत्री स्वयं इस भवन का लोकार्पण करने पहुंचे थे, जहां धाम, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पट्टिका लगने तक की तैयारी हो चुकी थी, लेकिन प्रियंका गांधी से उद्घाटन करवाने की जिद में सरकार ने बीच कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री को लोकार्पण करने से रोक दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले नौ महीने से बहुमंजिला नया भवन ताले में बंद रहा और छात्र दो नालों के बीच बने किराए के मकान में जान जोखिम में डालकर पढ़ते रहे, जहां चार कमरों में सात कक्षाएं चलाई जा रही थीं। सत्ता में आने के बाद से सरकार ने लगभग 2000 स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए हैं ।

मुकेश चंदेल को अध्यक्ष बनने पर बधाई

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने डीसीडी को-ऑपरेटिव सोसायटी में सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए मुकेश चंदेल तथा उपाध्यक्ष बने लाल सिंह एवं वासुदेव शर्मा को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App