ऊना में भाजयुमो का जोरदार प्रदर्शन
रेहड़ी में गोबर भरकर सडक़ पर उतरे कार्यकर्ता, गारंटियों पर बोला हमला
नगर संवाददाता-ऊना
कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने सोमवार को ऊना शहर में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। रेहड़ी में गोबर भरकर सडक़ों पर उतरे भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने एमसी पार्क से लेकर आईएसबीटी ऊना तक रोष रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष रजत राणा ने किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष रजत राणा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने युवाओं, महिलाओं और किसानों से कई बड़ी गारंटियां देने का दावा किया था, लेकिन सरकार बनने के साढ़े तीन साल बाद भी अधिकांश वादे धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को पांच लाख रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन आज भी हजारों युवा नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। रजत राणा ने कांग्रेस की गोबर खरीद योजना को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान दो रुपये प्रति किलो की दर से गोबर खरीदने की गारंटी दी गई थी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
