मझैरना की बेटी डा. शैलजा ने रचा सफलता का नया अध्याय

By: Aug 19th, 2026 12:01 am

आईयूएसी नई दिल्ली में पोस्टडॉक्टोरल रिसर्च साइंटिस्ट के पद पर हुआ चयन

कार्यालय संवाददाता- बैजनाथ
बैजनाथ उपमंडल के मझैरना गांव की बेटी डाक्टर शैलजा शर्मा ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता का नया अध्याय लिखते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डा. शैलजा शर्मा का चयन देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान इंटर यूनिवर्सिटी एक्सीलरेटर सेंटर ए नई दिल्ली में पोस्टडॉक्टरल रिसर्च साइंटिस्ट के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से मझैरना गांव सहित पूरे बैजनाथ क्षेत्र में खुशी की लहर है। डा. शैलजा शर्मा ने शूलिनी यूनिवर्सिटी सोलन से बायोटेक्नोलॉजी विषय में पीएचडी की है। वह अपने गांव की पहली पीएचडी धारक बायोटेक्नोलॉजी शोधकर्ता होने का गौरव भी हासिल कर चुकी हैं। शिक्षा और वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण परिवेश से आने वाली बेटियों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। डा. शैलजा शर्मा के पिता भूपिंद्रशर्मा पुलिस विभाग में एएसआई के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता अंजना शर्मा मझैरना स्थित निजी स्कूल की संचालिका हैं।

डा. शैलजा शर्मा अपनी सफलता की यात्रा में माता-पिता के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण मानती हैं। डा. शैलजा शर्मा की सफलता उन ग्रामीण बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो विज्ञान, तकनीक और शोध के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना देख रही हैं। उन्होंने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्पए मेहनत और सही दिशा में निरंतर प्रयास के बल पर ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों तक पहुंचा जा सकता है। क्षेत्रवासियों ने डा. शैलजा शर्मा को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और उम्मीद जताई है कि वह अपने वैज्ञानिक शोध एवं कार्यों के माध्यम से देश और क्षेत्र का नाम आगे भी रोशन करती रहेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App