छह स्कूल बनेंगे आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल, प्रदेश सरकार ने प्रदेश के छह विधानसभा क्षेत्रों में दी मंजूरी

By: Aug 19th, 2026 12:05 am

कार्यालय संवाददाता — शिमला

प्रदेश सरकार ने छह विधानसभा क्षेत्रों में पहले से संचालित छह सरकारी स्कूलों को राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित करने को मंजूरी प्रदान कर दी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन विधानसभा क्षेत्रों में नए डे-बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण नहीं किया जाएगा, बल्कि मौजूदा स्कूलों को ही निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित कर आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय को आधारभूत ढांचे का विस्तृत सर्वेक्षण और विश्लेषण करने के बाद प्रशासनिक मंजूरी एवं खर्च की स्वीकृति के लिए संशोधित प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार की मंजूरी के अनुसार मंडी जिले के करसोग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करसोग (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) को आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल बनाया जाएगा।

शिमला में राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर बुशहर (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड), राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहड़ू (हिमाचल प्रदेश विद्यालय शिक्षा बोर्ड), राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौपाल (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) को इसके लिए चयनित किया गया है। सिरमौर के रेणुकाजी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) तथा ऊना में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेहड़ाला को राजीव गांधी राजकीय आदर्श-डे बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि इन विद्यालयों को पूर्व प्राथमिक से जमा दो कक्षा तक की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाए। मौजूदा भवनों और अन्य आधारभूत सुविधाओं में आवश्यक सुधार कर डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्धारित मानकों को पूरा किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App