फीस वृद्धि के विरोध में सडक़ों पर उतरी एबीवीपी

By: Aug 19th, 2026 12:01 am

एबीवीपी ने डीसी कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन

नगर संवाददाता-चंबा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) चंबा इकाई ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालयों में की गई फीस वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार की शिक्षा नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी फीस वापस लेने और छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल करने की मांग उठाई। एबीवीपी के जिला संयोजक अंशु और अर्पित जर्याल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर और नौणी विश्वविद्यालय में 25 से 30 प्रतिशत तक फीस बढ़ाना छात्र विरोधी फैसला है।

उन्होंने कहा कि फीस वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा को महंगा करने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से छात्र संघ चुनाव बंद हैं, जिससे विद्यार्थियों की आवाज प्रभावी ढंग से प्रशासन तक नहीं पहुंच पा रही है। परिषद पदाधिकारियों ने मांग की कि बढ़ी हुई फीस को तुरंत वापस लिया जाए और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो विद्यार्थी परिषद प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App