CM सुक्खू-प्रतिभा सिंह दिल्ली रवाना, राजधानी में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में होंगे शामिल

By: Aug 19th, 2026 12:01 am

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

दिल्ली में होने जा रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को दिल्ली रवाना हो गए हैं। वर्किंग कमेटी की सदस्य एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह भी इस बैठक में हिस्सा लेने गई हैं। बैठक का मुख्य एजेंडा छात्रों की गूंज कार्यक्रम का विस्तार और उत्तर प्रदेश तथा पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करना है। हालांकि मुख्यमंत्री के इस बैठक में हिस्सा लेने के चलते प्रदेश में प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा होना संभव माना जा रहा है। इसके अलावा संगठनात्मक गतिविधियों और प्रदेश से जुड़े अन्य राजनीतिक पहलुओं की भी इस बैठक में प्रदेश के दोनों नेता बात रख सकते है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का मंडी जिला का दौरा प्रस्तावित था, जिसके चलते मुख्यमंत्री का मंडी से ही दिल्ली की ओर रुख करने का कार्यक्रम था। लेकिन खराब मौसम के कारण प्रियंका गांधी का दौरा रद्द हो गया। लिहाजा मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला से ही दिल्ली की ओर रवाना हो गए है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात को उनका ठहराव चंड़ीगढ में होगा और बुधवार सुबह ही वह दिल्ली निकलेंगे। उधर, सीडब्लयूसी की बैठक के लिए पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह भी मंगलवार को शिमला से दिल्ली के लिए निकल गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App