दिलवां में ट्राला और कार की भीषण टक्कर, एक युवक की मौत

By: Aug 19th, 2026 12:02 am

दर्दनाक हादसे में पांच सवार घायल; दो पीजीआई रैफर, चिंतपूर्णी से नयनादेवी जा रहे थे सभी श्रद्धालु

दिव्य हिमाचल टीम-अंब, बडूही
ऊना-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर दिलवां में श्रद्धालुओं के ट्राले व कार में जर्बदस्त टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि 5 युवक घायल हो गए। मृतक युवक की पहचान ऋतिक राणा निवासी अंदौरा के रुप में हुई है। जबकि देवेंद्र पुत्र भोला शंकर, मयंक ठाकुर पुत्र बलविंद्र सिंह, कृष पुत्र बलविंद्र कुमार, आर्यन पुत्र सुशील कुमार सभी निवासी अंदौरा (अंब) व अभिजीत सिंह पुत्र गोपी निवासी अमृतसर घायल हुए हैं। हादसे में गंभीर रुप से घायल दो युवकों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार कार में सवार पांचों युवक अंब की और जा रहे थे।

दिलवां के पास कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही पिकअप ट्राले से जा टकराई। पिकअप ट्राले में अमृतसर के श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने के बाद नैना देवी मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे। हादसे में कार सवार सभी पाचों युवक और पिकअप सवार अभिजीत सिंह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। इसी बीच कार में एक युवक बुरी तरह से फंस गया था, जिसे कार को कटर से काटकर बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने ऋतिक राणा को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो युवकों को आगामी उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। वहीं तीन घायल युवकों का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में ही चल रहा है। उधर, एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि दिलवां में हुए स डक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App