सेब सीजन से पहले सडक़ें दुरुस्त करें अधिकारी

By: Aug 19th, 2026 12:01 am

शिक्षा मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश

स्टाफ रिपोर्टर-रोहड़ू
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के तहत चल रहे सडक़ और अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सेब सीजन को देखते हुए निर्माणाधीन कार्य निर्धारित समय में पूरा करने और सेब से लदे वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त सडक़ों की प्राथमिकता पर मरम्मत और पूर्ण सडक़ों को तुरंत यातायात के लिए खोलने को कहा।

उन्होंने बताया कि सीआरआईएफ 2026-27 के तहत छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारसैन सडक़ के उन्नयन के लिए 203.52 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों पर करीब 550 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और 30 भवन व 182 सडक़ें जनता को समर्पित की गई हैं। मंत्री ने पीएमजीएसवाई, नाबार्ड और विश्व बैंक परियोजनाओं में तेजी लाने तथा शिलान्यास हो चुके भवनों व विकास कार्यों को छह माह में पूरा करने के निर्देश दिए। कोटखाई ट्रामा सेंटर और सावर इंडोर स्टेडियम की भी समीक्षा की और जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू करने को कहा। आपदा से क्षतिग्रस्त सडक़ों की बहाली को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

203.52 करोड़ की सडक़ परियोजना को मंजूरी

सीआरआईएफ 2026-27 के तहत छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-कुमारसैन सडक़ के उन्नयन के लिए 203.52 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App