सोलन में 23 अगस्त तक चलेगा बारिश का दौर
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, किसानों को जलभराव रोकने-फसलों में रोगों की निगरानी की सलाह
निजी संवाददाता-सोलन
डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के पर्यावरण विज्ञान विभाग की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने 19 से 23 अगस्त तक सोलन जिले में मौसम परिवर्तनशील रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
इस दौरान जिले के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विश्वविद्यालय ने किसानों को खेतों में जलभराव रोकने तथा फसलों में रोगों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के अनुसार 19, 20 और 21 अगस्त को करीब 12-12 मिलीमीटर, 22 अगस्त को 8 मिलीमीटर और 23 अगस्त को 10 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह सापेक्ष आद्र्रता 88 से 93 प्रतिशत तथा शाम को 68 से 73 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हवा की गति 2.2 से 4.7 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। वहीं, कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को गिरे और रोगग्रस्त फलों को एकत्र कर नष्ट करने को कहा गया है। खीरे की बेलों को सहारा देने और जल निकासी दुरुस्त रखने की सलाह दी गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
