चिंतपूर्णी में महा अष्टमी की पावन बेला पर 40 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश

By: Aug 21st, 2026 12:52 am

पावन पिंडी का दर्शन करने के लिए उमड़ा आस्था का जनसैलाब, कंजक पूजन कर भक्तों ने लिया आशीर्वाद, लगे मां के जयकारे
स्टाफ रिपोर्टर-चिंतपूर्णी
विश्व विख्यात धार्मिक स्थल माता श्री चिंतपूर्णी जी के चल रहे सावन अष्टमी मेलों के महा अष्टमी बड़ी धूमधाम से मनाई गई। 7वें मेले की रात्रि को मंदिर परिसर के इलावा पूरा क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मां की दिव्य ज्योति स्वरूप के दर्शन करने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु चिंतपूर्णी पहुंचे। संपूर्ण क्षेत्र मां के जयकारों से गूंज उठा। गुरुवार को महा अष्टमी के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में छोटी-छोटी कंजक पूजन किया गया और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। महा अष्टमी पूजन पर श्रद्धालुओं द्वारा अनेक प्रकार के स्वादिष्ट भोग मां को लगाएं गए। गुरुवार को लगभग 40,000 से ऊपर श्रद्धालुओं ने मां की पावन पवित्र पिंडी के दर्शन किए। सावन अष्टमी मेले के दौरान अब तक लगभग 5 लाख के करीब श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दर्शन व उनका प्राप्त कर चुके हैं। गुरुवार को भी श्रद्धालुओं की डबल लाइन मनसा भवन तक जा पहुंची। छोटे-छोटे बच्चे, महिला ,बुजुर्ग लाइन में लगकर ब दंडवत प्रणाम करते हुए मां के दरबार पहुंचे और मां के प्रति अपनी भक्ती, श्रद्धा, त्याग, समर्पण की अद्भुत मिसाल पेश की है। मंदिर परिसर से लेकर बाबा श्री माई दास सदन तक श्रद्धालुओं के काफी चहल-पहल रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अस्थाई दुकानदारों, होटल कारोबारी छोटे दुकानदारों व व्यवसाय करने वाले अन्य के चेहरों पर खुशी देखी गई तो वहीं दूसरी तरफ लंगर संस्थाओं द्वारा भी प्रसाद पर झंडा रसम निभाई गई। मध्य रात्रि से ही लंगर संस्थाओं में मां चिंतपूर्णी के दरबार में झंडा चढ़ाकर व कंजक पूजन कर अपने लंगर व्यवस्था को विराम दिया।

मंदिर प्रशासन द्वारा एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर, लेखा एवं वित्त अधिकारी राजेंद्र कटोच, पुलिस प्रशासन व अन्य अधिकारी सातवें रात्रि में श्रद्धालुओं के भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाने में लग रहे। पुलिस प्रशासन भी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूरी तरह मुस्तैद रहा मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि श्रावण अष्टमी मेले की महा अष्टमी का पर्व श्रद्धालुओं द्वारा बड़े धूमधाम से मनाया गया है और मेला शांतिपूर्वक अपने अंतिम चरण की ओर जा रहा है। मंदिर प्रशासन के उच्च अधिकारियों की दिशा निर्देशों का पालन करते हुए श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया है। इस अवसर पर पुजारी एवं पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंद छिंदा ने श्रावण अष्टमी के सफल आयोजन पर मंदिर प्रशासन के उच्च अधिकारियों को शुभकामनाएं दी है। जिन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं के अपार जनसमूह को बेहतर व सुरक्षित ढंग से व्यवस्थित किया। डीसी ऊना जतिन लाल, एसपी ऊना सचिन हीरेमठ व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, डीएसपी अंब अनिल पटियाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर, लेखा एवं वित्त अधिकारी राजेंद्र कटोच थाना प्रभारी चिंतपूर्णी सचित कालिया आदि को शुभकामनाएं दी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App